देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे छोड़कर गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, प्रदेश में बढ़ते अपराध और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने महिला कांग्रेस की नेत्रियों को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं समाज में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के सवाल पर जवाबदेही तय करनी चाहिए।
ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रत्येक बेटी के सम्मान और सुरक्षा का सवाल है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी। सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे और प्रदेश की बेटियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना होगा।
ज्योति रौतेला ने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उर्मिला थापा, पुष्पा पंवार, चंद्रकला नेगी, निधि नेगी, सुशीला शर्मा बेलवाल, अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, अनुराधा ढींगरा, अनुराधा तिवाड़ी, बबीता सहित अनेक महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया।
0 Comments