Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में सजेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में परेड ग्राउंड में 05 से 08 फरवरी तक सजेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026

प्रेस क्लब देहरादून में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत

देहरादून |
सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 को लेकर आज प्रेस क्लब देहरादून में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने महोत्सव की तिथियों, उद्देश्य और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की।

उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 05 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोकविरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को सशक्त मंच प्रदान करना है।

प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मिलेगा ‘नंदा शिखर सम्मान’

महोत्सव के दौरान प्रदेश के उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने साहस, संकल्प, परिश्रम और प्रतिभा से समाज, गांव और राज्य को नई पहचान दिलाई है। ऐसे विशिष्ट जनों को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करकमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा।

वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा

उत्तरायणी कौथिक महोत्सव की विशेष पहचान यह है कि प्रदेश के 13 जनपदों से आए कारीगर, किसान, शिल्पकार, लोक कलाकार, लघु उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एक ही मंच पर अपने उत्पादों और कला का प्रदर्शन करेंगी। लगभग 100 स्टॉल पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को आत्मनिर्भरता और सशक्त बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की भावना को और मजबूती प्रदान करेगी।

लोकसंस्कृति और पारंपरिक खानपान का जीवंत संगम

महोत्सव में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय उत्पाद, मिलेट्स, हस्तशिल्प एवं लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं तथा महिलाओं और बेटियों के लिए आत्म-सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

भव्य शोभायात्रा से होगा महोत्सव का शुभारंभ

महोत्सव की शुरुआत कल प्रातः 11 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून से निकलने वाली एक दिव्य एवं भव्य शोभायात्रा से होगी। इस शोभायात्रा में मां नंदा देवी, गोलज्यू महाराज सहित अन्य देवी-देवताओं की डोलियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊँनी, गोर्खाली एवं पंजाबी वेशभूषा में सजी लोकसंस्कृति का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।

लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

चार दिवसीय महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश में ख्याति प्राप्त लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इनमें नरेंद्र सिंह नेगी, पवनदीप राजन, ललित मोहन जोशी, बी.के. सामंत, सौरभ मैठाणी, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, इंदर आर्या एवं रेशमा शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार शामिल होंगे।

लोकविरासत को जीवंत बनाए रखने का सशक्त प्रयास

उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 उत्तराखंड की गौरवशाली परंपराओं, लोककला, लोकगीतों और लोकजीवन के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन का एक सशक्त प्रयास है। इसका प्रमुख उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

जनता से सहभागिता की अपील

अंत में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता, मीडिया बंधुओं एवं संस्कृति प्रेमियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और उत्तराखंड की अनूठी लोकविरासत को जीवंत बनाए रखने में सहभागी बनें। प्रेस वार्ता के दौरान गीताराम गौड़  सहित फाउंडेशन से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

0 Comments

Leave Comments