देहरादून: आगामी चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने दायित्वधारियों को चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की रणनीति बनाई है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में हुई बैठक में दायित्वधारियों को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से लगातार संवाद बनाए रखने, जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही सोशल मीडिया को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार का प्रमुख माध्यम बनाने पर जोर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व चुनावी वर्ष में विपक्ष के बढ़ते हमलों और कुछ मंत्रियों एवं विधायकों के खिलाफ सामने आ रही नाराजगी को लेकर सतर्क है। हाल के दिनों में कई जनप्रतिनिधियों के विरोध से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वहीं, मंत्री और विधायक के बीच हालिया विवाद ने भी राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।
इसी पृष्ठभूमि में भाजपा ने वरिष्ठ और अनुभवी दायित्वधारियों को सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करने तथा विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने की जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी दिनों में दायित्वधारियों को अलग-अलग मंडलों और क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने सभी से संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पार्टी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसलिए सभी दायित्वधारी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में प्रदेश सरकार के विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों और प्राधिकरणों में दायित्व निभा रहे पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार, संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को और गति मिलेगी।
0 Comments