देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर गढ़ीकैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में भारतीय सेना के वीर जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और देश की रक्षा में उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने जवानों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि सैनिकों के बीच आकर उन्हें अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी अपनों के बीच होती है और देश की रक्षा में तैनात जवान भी उनके परिवार का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देशवासी अपने परिवारों के साथ दीपावली मनाते हैं, उस समय हमारे वीर सैनिक सीमाओं पर मुस्तैद रहकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। हमारे घरों में जलने वाले दीपों के पीछे जवानों का त्याग, समर्पण और उनके परिवारों का योगदान भी शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सैनिक परिवार से जुड़ी स्मृतियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनका जन्म एक सैनिक परिवार में हुआ है। उनके पिता ने सेना में रहते हुए उन्हें देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार दिए।
मुख्यमंत्री ने महावीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद जसवंत सिंह रावत के अदम्य साहस और 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान एवं कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। साथ ही शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम का कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। यह सैन्यधाम देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य और समर्पण का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर राम सिंह थापा, कर्नल प्रतुल थपलियाल, लेफ्टिनेंट कर्नल रवि मोहन बिष्ट, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित जोशी, मेजर के.डी. सिंह, सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह भण्डारी सहित अनेक सैन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी सैनिकों एवं उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
0 Comments