देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने मुलाकात की। इस अवसर पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 अगस्त 2026 को दो दिनों तक परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक और सक्षम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्त भूमिका प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें समाज और विकास की मुख्यधारा में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के अवसर मिलें।
रक्षाबंधन के अवसर पर रोडवेज बसों में दो दिन निःशुल्क यात्रा की घोषणा को प्रदेश की बहनों के लिए राज्य सरकार की ओर से विशेष सौगात माना जा रहा है।
0 Comments