Breaking News
news-details
उत्तराखंड
लिक्खाड़

मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘सेवा विधि’ पुस्तक का विमोचन

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण व्यवहारिक मार्गदर्शिका साबित होगी, जिससे उन्हें सेवा नियमों, अधिकारों और दायित्वों की स्पष्ट एवं सरल जानकारी प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए सेवा नियमों, प्रक्रियाओं और कानूनों की सही जानकारी होना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार ऐसी पुस्तक तैयार की गई है, जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों, शासनादेशों और उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को सरल, व्यवस्थित और संदर्भ योग्य रूप में संकलित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि जनहित सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोकसेवकों से नियमों की भावना को समझते हुए जनकल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार "सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि" के मूल मंत्र के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

पुस्तक के लेखक एवं पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में सरकारी सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे नियुक्ति, आरक्षण, परिवीक्षा, स्थायीकरण, ज्येष्ठता, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा आचरण, सेवानिवृत्ति, अवकाश नियमों सहित संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों और उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के प्रमुख निर्णयों का सार प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, रमेशचन्द्र शर्मा, हंसादत्त पाण्डेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तड़ागी, डॉ. डी.एस. रावत, कर्नल (से.नि.) शिव सहरावत, वैज्ञानिक (से.नि.) पी.सी. वर्मा, उपायुक्त परिवहन सुनील शर्मा, अनुभाग अधिकारी दीपक जोशी, रणधीर अरोड़ा, पूरन सिंह रावत, अश्विनी सिंह नेगी, आर.सी.एस. बिष्ट, विकास श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments

Leave Comments