देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। यह एप किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि से जुड़ी विभिन्न आवश्यक जानकारियां एवं सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एप को किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इस दिशा में ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ जैसी पहल किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही एप पर फसल-विशिष्ट कृषि सलाह भी उपलब्ध होगी।
एप में एआई आधारित फसल रोग पहचान की सुविधा को भी शामिल किया गया है। इसके जरिए किसान फसल में दिखाई देने वाले संभावित रोगों की पहचान और उनसे संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सहायता ले सकेंगे।
इसके अलावा कृषि एवं बाजार से जुड़ी जानकारी, परिवहन तथा लॉजिस्टिक्स से संबंधित सुविधाएं भी एप के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
‘मनोरमा कृषि रक्षक’ में स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण स्तर पर उत्पाद तैयार करने वाले समूहों और उद्यमों को बाजार तक पहुंच बनाने में डिजिटल माध्यम से सहयोग मिलने की उम्मीद है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों को कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
एप के शुभारंभ के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और शूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।
0 Comments