Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

पूर्व विधायक राजकुमार ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून: पूर्व विधायक राजकुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर राजपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट योजना, अतिक्रमण कार्रवाई, मालिकाना हक, क्षतिग्रस्त सड़कों और पुश्तों के पुनर्निर्माण सहित कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

ज्ञापन में कहा गया कि इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट परियोजना वर्षों पहले शुरू होने के बावजूद अब तक अधूरी है, जिससे व्यापारियों और आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए व्यापारियों से 5,000 रुपये के एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर कराए गए थे, लेकिन लगभग दस वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।

राजकुमार ने सरकार से शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कर पार्किंग और यातायात की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। साथ ही परियोजना की खुदाई के दौरान निकली करोड़ों रुपये मूल्य की मिट्टी और अन्य सामग्री का स्पष्ट हिसाब सार्वजनिक नहीं होने पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि इस प्रतिमा से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भावनाएं जुड़ी हैं, इसलिए इसका स्थान परिवर्तन नहीं किया जाना चाहिए।

पूर्व विधायक ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बस्तियों में कथित अवैध तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए ऐसी कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, सरकार को उस पर स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए, क्योंकि इससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

राजकुमार ने कांग्रेस सरकार के दौरान बनाई गई मालिकाना हक नियमावली का उल्लेख करते हुए पात्र लोगों को शीघ्र मालिकाना हक देने की भी मांग की।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई स्थानों पर सड़कें और पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन अब तक उनके पुनर्निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बरसात के मौसम को देखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में भारी बारिश या बाढ़ से आबादी वाले क्षेत्रों को नुकसान न उठाना पड़े।

ज्ञापन के माध्यम से पूर्व विधायक राजकुमार ने मुख्यमंत्री से सभी लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा जनहित से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

0 Comments

Leave Comments