Breaking News
news-details
भारत
लिक्खाड़

देहरादून–मुंबई रेल सेवा विस्तार पर बढ़ी उम्मीदें

देहरादून: उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए भेजे गए विभिन्न प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में आश्वासन दिया है कि सभी प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस का मुंबई तक विस्तार सहित राज्य को देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर रेल सेवाओं के माध्यम से जोड़ने की मांग शामिल है। रेल मंत्री ने कहा कि प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और परीक्षण के बाद उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का प्रमुख पर्यटन और तीर्थाटन राज्य है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा राज्य के बड़ी संख्या में लोग मुंबई सहित पश्चिम भारत के विभिन्न शहरों में रहते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार यात्रियों, तीर्थयात्रियों और राज्यवासियों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड की रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यटन, व्यापार तथा प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

0 Comments

Leave Comments