देहरादून। विकसित भारत के निर्माण और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ भाजपा गढ़वाल मंडल के जिला एवं मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण एक दिवसीय बैठक देहरादून में सम्पन्न हुई। हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव को एक परीक्षा के रूप में लेते हुए सभी को सामूहिकता के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ, भ्रम और अफवाहों का प्रभावी जवाब देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास और जनकल्याण कार्यों की वास्तविक तस्वीर जनता तक पहुंचानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और आगामी चुनावों में भी पार्टी की जीत की संभावनाएं मजबूत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास हासिल करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसके कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव की बात है। चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए संगठन से सरकार तक का सफर फिर से तय करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर झूठ, भ्रम और अफवाह की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी मीडिया माध्यमों और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि अभियान के दो चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं और जल्द ही तीसरे चरण की शुरुआत की जाएगी। इस चरण में कार्यकर्ताओं को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से अब तक वंचित रह गए पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नकल के एक मामले में भी सरकार ने कड़ी कार्रवाई की और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ नियुक्तियों का तथ्य जनता के सामने रखने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने के लिए संचालित संवैधानिक प्रक्रिया SIR में पार्टी कार्यकर्ताओं को गंभीरता से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाकर घुसपैठियों और अयोग्य लोगों को संरक्षण देना चाहता है, जबकि भाजपा का उद्देश्य उत्तराखंड को सुरक्षित रखना है।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों और अवैध मतदाताओं की समस्या से उत्तराखंड को बचाने के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं। SIR प्रक्रिया को सफल बनाकर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में काम करना जरूरी है।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ जनता को मिल रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंडल अध्यक्षों को पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का महत्वपूर्ण चेहरा हैं, जिन पर संगठन और जनता दोनों का भरोसा है। उन्होंने मंडलों को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला एवं मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस, ‘मन की बात’, बूथ सशक्तिकरण सहित अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने संत शिरोमणि रविदास जयंती कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन और सरकार के कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने SIR प्रक्रिया को लेकर जिला एवं मंडल अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संचालन में आयोजित बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलाध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।
0 Comments