गैरसैंण। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण से प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 13 घोषणाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, रोजगार, ग्रामीण विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 1 दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द बढ़ोतरी की जाएगी।
राज्य आंदोलनकारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा की। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर विचार कर अपनी संस्तुति देगी।
मुख्यमंत्री ने छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए विलंब से बिजली बिल जमा करने पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने की घोषणा की। इसके अलावा अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की बात भी कही।
लखपति दीदियों को अपने कारोबार का विस्तार करने और नए स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वन्यजीवों के हमले में घायल होने वाले लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए भी आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई।
युवाओं और विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जनपद के जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। वहीं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए 'अपुणि सरकार' पोर्टल को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2022 के लगभग 2.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं से महिला कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं, राज्य आंदोलनकारियों और ग्रामीण क्षेत्रों को राहत एवं विकास की नई उम्मीद मिली है।
0 Comments