Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

देहरादून में दीपावली की रात तीन हत्याओं से सनसनी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दीपावली की रात तीन अलग-अलग हत्याकांडों ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इन घटनाओं में एक 15 वर्षीय स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की जान चली गई। कहीं छात्रों के बीच गुटीय संघर्ष ने खूनी रूप ले लिया तो कहीं पारिवारिक विवाद में रिश्तों का खून बह गया। लगातार हुई इन घटनाओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं। मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दोस्तों के साथ दीपावली मनाने गया था 15 वर्षीय अर्श, सुबह मोर्चरी में मिला शव

देहरादून के रेसकोर्स स्थित सूरी चौक के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत हो गई। अर्श सहस्रधारा रोड स्थित केवल विहार का रहने वाला था और डालनवाला क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ता था।

परिजनों के मुताबिक, आठ नवंबर को अर्श का दोस्त उसे दीपावली मनाने के लिए नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया था। रात में जब पिता ने फोन किया तो बताया गया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा। लेकिन अगली सुबह परिजनों को सूचना मिली कि अर्श का शव दून अस्पताल की मोर्चरी में है।

शव देखने पर परिजनों को उसके शरीर पर चोट और चाकू के वार के निशान मिले। पिता नदीम अंसारी ने दोस्त श्रेयस ममगाईं और उसके साथियों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि सूरी चौक के पास कार के दरवाजे से किसी के पैर में चोट लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद छात्रों के बीच मारपीट हुई। इसी घटना में अर्श की जान चली गई। पुलिस ने मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दीवार बनाने को लेकर विवाद, मामा और बेटे पर हत्या का आरोप

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला की है। यहां दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि 26 वर्षीय गौरव की जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित का गौरव सहित दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान गौरव पर घातक हथियार से हमला किया गया।

घायल गौरव को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि गौरव आरोपी नितिन का भांजा था।

मृतक के परिजन करण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा संख्या 467/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया।

पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता पर किया चाकू से हमला, अस्पताल में मौत

तीसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने अपने पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस को नौ नवंबर को 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 35 वर्षीय नितिन राणा का किसी बात को लेकर अपने पिता मदन राणा से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन हत्याओं से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दीपावली जैसे पर्व के दौरान देहरादून में एक ही रात तीन अलग-अलग हत्याओं की घटनाओं ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। खासकर 15 वर्षीय छात्र अर्श अंसारी की मौत ने अभिभावकों और शहरवासियों को झकझोर दिया है।

छात्रों के बीच बढ़ती हिंसा, पारिवारिक विवादों का जानलेवा रूप लेना और सार्वजनिक स्थानों पर आपराधिक घटनाएं राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरी हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस इन तीनों मामलों में कितनी तेजी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती है और शहर में कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब किस तरह देती है।

0 Comments

Leave Comments