Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

देहरादून: राजपुर रोड के जाखन में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई

देहरादून: राजधानी के पॉश एवं वीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड स्थित जाखन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण पर यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और विभागीय निरीक्षण के बाद की गई।

एमडीडीए के अनुसार, जाखन स्थित थापा निवास वाली गली में कपिल कपूर द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के तीन डुप्लेक्स भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। नियमानुसार किसी भी आवासीय या व्यावसायिक भवन के निर्माण से पहले प्राधिकरण से भवन मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य होता है, लेकिन संबंधित निर्माणकर्ता ने इसका पालन नहीं किया।

नोटिस के बावजूद जारी रहा निर्माण

प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियंताओं ने मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास भी किया, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करते हुए निर्माण लगातार जारी रखा गया।

इसके बाद एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन तोमर, अवर अभियंता उमेश वर्मा तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर के नेतृत्व में विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को आधिकारिक रूप से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान श्रमिकों को बाहर निकालकर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सील से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के नियोजित विकास में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध निर्माण को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अवैध निर्माण पर नहीं होगी कोई रियायत: बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित निर्माणकर्ता को नियमों का पालन करने के लिए पर्याप्त अवसर दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के नियोजित विकास से कोई समझौता नहीं होगा और बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा, "चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, नियमों का उल्लंघन करने पर भवन को सील करने या ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।"

अन्य क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जाखन में की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखना गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी बिना मानचित्र स्वीकृति के चल रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

0 Comments

Leave Comments