Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार पर मंथन

नई दिल्ली: राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने तथा आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में महानिदेशक एनसीसी ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन एवं विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जो युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों के लिए उत्तराखण्ड सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से उत्तराखण्ड के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में अधिक अवसर प्राप्त होंगे, जिससे राज्य में युवा सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

0 Comments

Leave Comments