Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने टीबी रोगियों को वितरित की पोषण किट

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत गोद लिए गए 13 टीबी रोगियों को मासिक पोषण किट वितरित की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने टीबी रोगियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनका हालचाल जाना और उपचार के दौरान नियमित दवा लेने, पौष्टिक आहार अपनाने तथा संतुलित जीवनशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, जागरूकता, समय पर उपचार और पौष्टिक आहार के माध्यम से ही इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से टीबी मुक्त भारत के इस जन-अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम नागरिक एक टीबी रोगी का निःक्षय मित्र बनकर उसके उपचार और पोषण में सहयोग करे, तो टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक गति मिल सकती है।

राज्यपाल द्वारा अब तक गोद लिए गए 79 टीबी रोगी पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 13 और टीबी रोगियों को गोद लिया है, जिन्हें सोमवार को मासिक पोषण किट प्रदान की गई। इसके साथ ही निःक्षय मित्र के रूप में राज्यपाल द्वारा गोद लिए गए टीबी रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 92 हो गई है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

0 Comments

Leave Comments