मसूरी के निकटवर्ती क्षेत्र कांडी लॉज एस्टेट में हरे पेड़ों का धड़ल्ले से अवैध कटान किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काटे गए पेड़ों के अवशेषों एवं औजारों को कब्जे में लिया।
वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कांडी लॉज एस्टेट मसूरी में विभिन्न प्रजातियों के 7 हरे वृक्षों का अवैध पातन पाया गया। इसके बाद मसूरी रेंज की टीम द्वारा मौके पर जांच की गई। जांच के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध वन संरक्षण अधिनियम एवं प्राइवेट फॉरेस्ट एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मौके पर किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत भू-स्वामी हरप्रीत सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश प्राइवेट फॉरेस्ट एक्ट 1948 एवं वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 के तहत वाद पंजीकृत किया गया है।
अवैध रूप से काटे गए 7 हरे वृक्षों में मसूरा, खागसी, धमोरा, कॉल, पदम सहित अन्य प्रजातियां शामिल हैं।
विभागीय टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम में वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान, वन दरोगा साबलाराम, वन बीट अधिकारी हरेंद्र सजवाण, दैनिक श्रमिक दिनेश नेगी, मुलायम पयाल एवं नरेंद्र कुमार शामिल रहे।
0 Comments