Breaking News
news-details
जनहित
भारत
लिक्खाड़

सरकारी छात्रवृत्ति की तारीख बढ़ी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है। इससे उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो किसी कारणवश अभी तक अपना आवेदन पूरा नहीं कर पाए हैं।

शिक्षा मंत्रालय की ओर से 31 अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार, पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

हर साल मिलती है 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति

राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर साल 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। यह सहायता कक्षा 9 से 12वीं तक निर्धारित शैक्षणिक शर्तों के आधार पर मिलती है।

किसे मिलेगा योजना का लाभ?

इस योजना के तहत सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों द्वारा संचालित स्कूलों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को लाभ दिया जाता है।

योजना के अंतर्गत हर साल कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए एक लाख नई छात्रवृत्तियां निर्धारित हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से आयोजित चयन परीक्षा उत्तीर्ण करनी होती है।

कक्षा 10 से 12वीं तक छात्रवृत्ति जारी रखने के लिए निर्धारित शैक्षणिक मानदंडों को पूरा करना आवश्यक है।

आवेदन और सत्यापन की नई तारीखें

शिक्षा मंत्रालय ने आवेदन प्रक्रिया के लिए संशोधित समय-सारणी भी जारी की है।

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 15 नवंबर 2026
  • संस्थान स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026
  • जिला स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि: 15 दिसंबर 2026

कहां करें आवेदन?

इच्छुक और पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन से पहले विद्यार्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। जिन विद्यार्थियों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें अपने आवेदन का संस्थान और जिला स्तर पर सत्यापन समय से करवाना होगा।

आधिकारिक वेबसाइट: https://scholarships.gov.in/

15 नवंबर से पहले पूरी करें आवेदन प्रक्रिया

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 तक योजना के तहत 90,483 नए और 1,99,531 नवीनीकरण आवेदन प्राप्त हो चुके थे।

ऐसे में पात्र विद्यार्थियों के पास आवेदन पूरा करने के लिए अब 15 नवंबर तक का समय है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन और जरूरी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर लें।

0 Comments

Leave Comments