NMMSS Scholarship 2026-27: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए केंद्र सरकार की राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। शिक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है।
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर NMMSS 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब पात्र विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए 30 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
जिन छात्रों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका आवेदन संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय के भीतर सत्यापित हो जाए।
NMMSS के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर साल 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। छात्रवृत्ति की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाती है।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 8 के बाद अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और स्कूल छोड़ने की दर को कम करना है।
योजना के तहत प्रत्येक वर्ष कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए एक लाख नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं। चयन परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। पात्रता और शैक्षणिक प्रदर्शन की शर्तें पूरी होने पर इसे कक्षा 10 से 12 तक जारी रखा जा सकता है।
यह योजना राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों के स्कूलों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए लागू है।
NMMSS के लिए प्रमुख पात्रता शर्तों के अनुसार छात्र के माता-पिता की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए कक्षा 7 में कम से कम 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड आवश्यक है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाती है।
विद्यार्थियों को आवेदन जमा करने के बाद उसके सत्यापन की स्थिति पर भी नजर रखनी होगी।
आवेदन की अंतिम तारीख: 30 सितंबर 2026
संस्थान स्तर (L1) सत्यापन: 15 अक्टूबर 2026 तक
जिला स्तर (L2) सत्यापन: 31 अक्टूबर 2026 तक
इसलिए विद्यार्थियों को केवल आवेदन जमा करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह भी जांचना चाहिए कि उनका आवेदन निर्धारित स्तर पर सत्यापित हुआ है या नहीं।
NMMSS के लिए आवेदन National Scholarship Portal (NSP) के माध्यम से किया जाता है। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को पहले One-Time Registration (OTR) पूरा करना होगा। इसके बाद संबंधित छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन किया जा सकता है।
पात्र विद्यार्थियों को सलाह है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
0 Comments