उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ, उत्तराखंड प्रांत की कार्यकारिणी के शिष्टमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महासंघ ने मुख्यमंत्री को उनके सफल पाँच वर्षीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ देते हुए राज्य में पुरोहित कल्याण आयोग के गठन की मांग उठाई।
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रमेश लेखवार (अत्रि जी महाराज), प्रदेश संयोजक एवं प्रवक्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा, प्रदेश महामंत्री उदित पांडेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी महेन्द्र सिंह राणा तथा सह मीडिया प्रभारी उमा शंकर कुकरेती शामिल रहे।

भेंट के दौरान महासंघ की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, शक्तिपीठ माँ सुरकंडा का चित्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा कालनेमी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का समर्थन भी व्यक्त किया गया।
प्रदेश संयोजक एवं प्रवक्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने मुख्यमंत्री को पुरोहित कल्याण आयोग के गठन की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में इस प्रकार के आयोग या बोर्ड पहले से कार्यरत हैं, जबकि तमिलनाडु सरकार भी इस दिशा में पहल कर रही है।

महासंघ का कहना है कि आयोग के गठन से मंदिरों, मठों, गुरुद्वारों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर सेवा देने वाले पुरोहितों और धार्मिक कर्मियों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर पुरोहित परिवारों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य सहायता तथा निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महासंघ के ज्ञापन पर सकारात्मक संज्ञान लेने का आश्वासन दिया। महासंघ ने बताया कि आयोग के गठन के समर्थन में जल्द ही उत्तराखंड की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा प्रमुख व्यक्तित्वों से भी संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
0 Comments