Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उत्तराखंड से उम्मीदवार

देहरादून। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।

दिनेश आर्य नैनीताल क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं और भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं और उन्हें राज्यमंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त है।

कई बड़े नामों के बीच दिनेश आर्य पर भरोसा

राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर भाजपा के भीतर कई नामों पर चर्चा चल रही थी। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में करीब 24 नामों पर मंथन हुआ था, जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व को नामों का पैनल भेजा गया। केंद्रीय चुनाव समिति ने अब दिनेश आर्य के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।

दिनेश आर्य ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले नैनीताल विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी भी की थी। हालांकि उस समय पार्टी ने किसी अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारा था। इसके बावजूद आर्य संगठन के साथ जुड़े रहे और पार्टी में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

कुमाऊं को प्रतिनिधित्व देने का संदेश

दिनेश आर्य के चयन को उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह कुमाऊं क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में भाजपा ने राज्यसभा के जरिए कुमाऊं क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने का संदेश दिया है।

दिनेश आर्य अनुसूचित जाति समाज से आते हैं। उनके चयन में क्षेत्रीय संतुलन के साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व का पहलू भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

धामी के करीबी नेताओं में शामिल

दिनेश आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भी काम कर चुके हैं। धामी के मुख्यमंत्री बनने के बाद आर्य को मुख्यमंत्री का जनसंपर्क अधिकारी (PRO) बनाया गया था। इसके बाद उन्हें राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया।

राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना बढ़ गई है।

16 अक्टूबर को होगा मतदान

उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते यह चुनाव कराया जा रहा है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल से भी उतारा उम्मीदवार

भाजपा ने उत्तराखंड के साथ ही पश्चिम बंगाल की राज्यसभा उपचुनाव सीट के लिए रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को अपना उम्मीदवार बनाया है।

इस तरह भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से एक-एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है।

0 Comments

Leave Comments