Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

दिल्ली में गूंजी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति

नई दिल्ली, 19 नवंबर। देवभूमि उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल दिल्ली में पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। गढ़वाल से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव सहित अनेक राष्ट्रीय स्तर की हस्तियां मौजूद रहीं।

समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सहभागिता की।

ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे अतिथि

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-दमाऊ की गूंज, लोकगीतों और मनमोहक लोकनृत्यों से पूरे वातावरण को पहाड़ी रंग में रंग दिया। लोककलाकारों की प्रस्तुतियों ने दिल्ली में मौजूद प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने गांव, अपनी मिट्टी और पहाड़ की यादों से जोड़ दिया।

समारोह में स्वामी चिदानंद जी महाराज, स्वामी अवधेशानंद गिरि, स्वामी कैलाशानंद गिरि तथा बागेश्वर धाम सरकार सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

सांसद अनिल बलूनी ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी के साथ सभी अतिथियों का पारंपरिक पहाड़ी आतिथ्य के साथ स्वागत किया।

इगास पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी जड़ों, पूर्वजों की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का प्रतीक हैं। राज्य सरकार लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

2018 से इगास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मुहिम

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इगास पर्व के प्रति लोगों का बढ़ता जुड़ाव उत्तराखंड के लोगों को अपनी मिट्टी और जड़ों से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।

उल्लेखनीय है कि अनिल बलूनी ने वर्ष 2018 में इगास-बग्वाल को पुनर्जीवित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल शुरू की थी। इसके माध्यम से देश-विदेश में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने पारंपरिक त्योहार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बलूनी हर वर्ष दिल्ली में इगास-बग्वाल का आयोजन करते हैं और अगले दिन उत्तराखंड पहुंचकर गढ़वाल के किसी गांव में ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर पर्व मनाते हैं।

इस आयोजन ने एक बार फिर संदेश दिया कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति केवल पहाड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की राजधानी में भी अपनी विशिष्ट पहचान और परंपराओं के साथ जीवंत है।

0 Comments

Leave Comments