Breaking News
news-details
उत्तराखंड
भारत
लिक्खाड़

सतपाल महाराज के 75वें जन्मोत्सव में पहुंचे CM धामी और राज्यपाल

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री, आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी सतपाल महाराज के 75वें पावन जन्मोत्सव के अवसर पर हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल हुए।

CM धामी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सतपाल महाराज देश के प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं और उनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री महाराज केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक गुरु भी हैं।

उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने बचपन से अपने पिता श्री हंस जी महाराज से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया और मानव धर्म के प्रचार-प्रसार को अपने जीवन का मिशन बनाया। देश-विदेश में उनके आध्यात्मिक प्रवचन होते हैं। आत्म-ज्ञान, मानव सेवा और सर्वधर्म समभाव उनके संदेश के प्रमुख आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सतपाल महाराज चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से 2017 और 2022 में भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

राज्यपाल ने भी दी शुभकामनाएं

समारोह में पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का व्यक्तित्व प्रेरणादायक है।

राज्यपाल ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से देश-विदेश में मानव धर्म, सद्भावना और आत्म-ज्ञान का संदेश पहुंचाया जा रहा है। वहीं, जनप्रतिनिधि और प्रशासक के रूप में भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थीकरण, पर्यटन अवसंरचना के विस्तार और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने विकास को आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास किया है।

सत्संग और सकारात्मक विचारों पर दिया जोर

समारोह को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि सभी लोगों को सत्संग का पूरा लाभ उठाना चाहिए। महापुरुषों का दर्शन और सत्संग मानव को बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संत-महापुरुषों की वाणी पर अमल करना आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से अपने मन में सकारात्मक विचार रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विनाशकारी सोच मानव को अधोगति की ओर ले जाती है। प्रत्येक कार्य करते समय परमपिता परमात्मा के पावन नाम का सुमिरन करना चाहिए, जिससे मानव जीवन सार्थक और सफल हो सके।

माता अमृता ने बताया संघर्षपूर्ण जीवन

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री माता अमृता ने कहा कि समारोह के पहले दिन सतपाल महाराज के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को उनके जीवन और मानव कल्याण के लिए किए गए संघर्षों की जानकारी मिली।

उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन संघर्षों से भरा रहा है और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

पूजन कार्यक्रम में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी

सतपाल महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पूजन के बाद माता श्री अमृता, श्रद्धेय, आराध्या, सुयश, मोहिना सहित अनेक संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष यादव ने किया।

चौबट्टाखाल क्षेत्र के विकास को लेकर CM के सामने रखीं मांगें

समारोह के दौरान चौबट्टाखाल विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें भी रखीं।

उन्होंने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मंदिरों और विद्यालयों के स्थलीय विकास के साथ-साथ राजकीय डिग्री कॉलेज वेदीवाल में स्नातक स्तर पर विज्ञान वर्ग में भौतिक विज्ञान और गणित विषयों के पद सृजित किए जाने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया।

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला।

0 Comments

Leave Comments