चंपावत। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को चंपावत से कांग्रेस की 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' का शुभारंभ करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का औपचारिक आगाज किया। यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने गोल्ज्यू मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोदियाल ने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चंपावत विधानसभा सीट का प्रदेश की राजनीति में विशेष महत्व रहा है और जब-जब यहां कांग्रेस को जीत मिली है, तब-तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर और चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही खनन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, फिर भी सरकार मौन बनी हुई है।
गोदियाल ने यह भी आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर निर्माण कार्यों के ठेके बाहरी कंपनियों को दिए गए, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती तो इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता था।
कार्यक्रम का संचालन अशोक वर्मा ने किया। सम्मेलन में विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, पूरन कठायत, विनोद बडेला, विपिन जोशी, बिमला महरा, मनीष माहर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 Comments