देहरादून। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मझौन पहुंचकर प्रसिद्ध निशानेबाज़ एवं पद्मश्री स्वर्गीय जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके खेल जगत में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
0 Comments