देहरादून। एंटी हेली फ्रॉड सेल ने हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिहार से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में देशभर में फैले साइबर नेटवर्क और लाखों रुपये की ठगी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर फर्जी फेसबुक पेज, व्हाट्सएप नंबर और वेबसाइटों के माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही थी।
इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों की पड़ताल और मोबाइल डेटा के आधार पर एसटीएफ टीम ने बिहार के नालंदा जिले में अभियान चलाकर दीपक कुमार और विजित कुमार उर्फ मिकी को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट जारी कर लोगों से धनराशि वसूली थी। पूछताछ के दौरान कई अन्य सहयोगियों और बैंक खातों की जानकारी भी मिली है।
एक अन्य आरोपी शिव कुमार पासवान उर्फ फुलटून का नाम भी प्रकाश में आया है, जो बिहार में दर्ज साइबर ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके उत्तराखंड में संचालित हेली बुकिंग धोखाधड़ी से जुड़े होने के साक्ष्य भी मिले हैं।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर स्वयं को अधिकृत हेली सेवा एजेंट बताकर श्रद्धालुओं को जाल में फंसाते थे। “वीआईपी दर्शन”, “तुरंत कन्फर्म टिकट” और “सीमित सीट” जैसे प्रलोभन देकर लोगों से रकम वसूली जाती थी। ठगी की धनराशि विभिन्न बैंक खातों में जमा कर एटीएम के माध्यम से निकाली जाती थी। गिरोह के सदस्य आपस में कमीशन का बंटवारा करते थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि साइबर अपराधी कुछ नाबालिगों को भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल कर रहे हैं। बिहार में पूछताछ के दौरान एसटीएफ को इससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, सिम कार्ड संबंधी सामग्री, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आरोपियों से जुड़े बैंक खातों पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) में कई शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।
एसटीएफ की एंटी हेली फ्रॉड सेल अब तक 300 फर्जी सोशल मीडिया लिंक और 100 से अधिक संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक करा चुकी है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत पोर्टल से ही करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया पेज या व्हाट्सएप नंबर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
0 Comments